ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड ने सोमवार सुबह बिजली बिल जमा न करने पर ग्रेनो वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसाइटी की बिजली काट दी। पांच महीने में चौथी बार सोसाइटी की बिजली काटी गई है। सोसाइटी पर करीब 72 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। आरोप है कि बार-बार नोटिस देने के बाद भी बिल्डर ने बिल जमा नहीं किया। वहीं निवासियों ने आरोप लगाया है कि समय से बिल जमा करने के बाद भी कटौती का सामना करना पड़ रहा है। एनपीसीएल के प्रवक्ता मनोज कुमार झा ने बताया कि 18 फरवरी 2026 को 84.33 लाख रुपये का सोसाइटी का बिल जनरेट हुआ था। इसे 28 फरवरी तक जमा करना था। जमा न करने पर 15 मार्च को कनेक्शन काट दिया जाता। लेकिन बिल्डर ने 12 से 14 मार्च के बीच13 लाख रुपये जमा किए। जबकि अब भी 71.40 लाख रुपये बकाया है। ऐसे में कार्रवाई करते हुए बिजली काट दी गई। कनेक्शन काटे जाने से यहां रहने वाले 5000 से अधिक परिवार प्रभावित हैं।
निवासियों ने बताया कि कनेक्शन कटने से जनरेटर की महंगी बिजली इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। वहीं बिल्डर समय से पैसा जमा नहीं कर रहा, जबकि अगर निवासी मीटर रिचार्ज करने में देरी कर दें तो उसे आधे घंटे की भी मोहलत नहीं दी जाती है। इससे पहले 14 और 21 नवंबर व 15 दिसंबर को कनेक्शन काटे गए थे।