कार्यक्रम के आयोजक मंत्री नरेंद्र कश्यप का जलवा बरकरार, मेहनत का दिखा असर
2027 में दोहराएंगे, 2017 का परिणाम: केशव प्रसाद मौर्य
गाजियाबाद (युग करवट)। रविवार को घंटाघर स्थित रामलीला मैदान में कश्यप निषाद संगठन द्वारा आयोजित महर्षि कश्यप जयंती महाकुंभ में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शिरकत की। इस दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
कार्यक्रम के आयोजक नरेंद्र कश्यप का जलवा पूरा दिखाई दिया। जयंती में जिस तरह जनसैलाब उमड़ा वो इस बात का प्रमाण है कि नरेंद्र कश्यप का अपने समाज व अन्य समाज में किस तरह प्रभाव है। हजारों की संख्या में आये लोग इस बात का भी प्रमाण है कि नरेंद्र कश्यप का जलवा हमेशा बरकरार है।
इस मौके पर केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्षियों पर प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में भी 2017 का इतिहास दोहराएगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और ममता बनर्जी जैसे नेता केवल जनता को भ्रमित करने का कार्य करते हैं, जबकि भाजपा सरकार धरातल पर विकास और जनकल्याण की राजनीति करती है। केशव प्रसाद ने ने कहा कि सपा-बसपा ने सालों तक केवल समाज को बांटने का किया है जबकि भाजपा ने सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर काम किया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य जी ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि कश्यप का जीवन समाज को एकता, समरसता एवं परिश्रम का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीबए पिछड़े वंचित और समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान कहा कि सपा मुखिया अखिलेश यादव ने दादरी में हाल ही में कार्यक्रम किए थे, लेकिन जितनी भीड़ आज इस महाकुंभ में हैं, उसकी आधी भीड़ भी उस कार्यक्रम में नहीं थी। समाजवादी पार्टी नौटंकी करती रहती है, हाल ही में अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अयोध्या में स्थापित रामलला की मूर्ति जैसी मूर्ति की फोटो शेयर की है जिसे सैफई में लगाने की बात कही है लेकिन मेरा कहना है कि सैफई में रामलला की मूर्ति लगाने से अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को माफी नहीं मिलेगी। कार्यक्रम का संचालन डॉ.सागर कश्यप ने किया।
कश्यप समाज को किया जाए एससी में शामिल: नरेन्द्र कश्यप
गाजियाबाद (युग करवट)। महर्षि कश्यप महाकुंभ के आयोजक व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेन्द्र कश्यप ने इस अवसर पर कहा कि कश्यप निषाद समाज निरंतर सामाजिक न्याय, शिक्षा एवं संगठन की मजबूती के लिए कार्य करता रहेगा। उन्होंने निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल किए जाने की मांग को प्रमुखता से उठाया और समाज के उत्थान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने का आग्रह किया। साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी कश्यप समाज से एकजुट होकर समर्थन देने का आहवाहन किया।
सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं ऐसे आयोजन: सतेन्द्र शिशौदिया
गाजियाबाद (युग करवट)। भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र शिशौदिया ने कहा कि संगठन की एकजुटता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। इस तरह के आयोजन से संगठन और समाज दोनों मजबूत बनते हैं।
बिना बैठक किए यूपी सदन चले गए उपमुख्यमंत्री
गाजियाबाद (युग करवट)। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर आयोजित महाकुंभ में शामिल होने पहुंचे थे। उप मुख्यमंत्री का कार्यक्रम में आने का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया गया था। जिसमें घंटाघर रामलीला मैदान में दोपहर एक बजे शामिल होने का प्रस्तावित कार्यक्रम था। सवा घंटे उनके महाकुंभ में रहने और उसके उपरांत लोक निर्माण विभाग गाजियाबाद में जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों, पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ भेंट करने का कार्यक्रम तय था। उसके उपरांत विभागीय अधिकारियों के साथ भी डिप्टी सीएम की बैठक प्रस्तावित थी। हालांकि डिप्टी सीएम घंटाघर रामलीला मैदान से सीधे भाजपा महानगर अध्यक्ष के आवास पर पहुंचे और वहां से सीधे यूपी सदन के लिए निकल गए। जबकि बैठक को लेकर विभागीय अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए थे।
दिव्यांगों को वितरित किए सहायक उपकरण
गाजियाबाद (युग करवट)। महर्षि कश्यप जयंती में सम्मिलित हुए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण प्रदान किए। उपमुख्यमंत्री ने ट्राइसाइकिल, बैसाखी 80, व्हीलचेयर 40, कान की मशीन 74, सेंसर स्टिक 40, स्मार्ट केन 40, टीएलएम किट 20, $कृत्रिम हाथ-पैर 25 थे। कुल 319 सहायक उपकरणें का वितरण किया गया। उप मुख्यमंत्री ने सभी दिव्यंागजन को फूल माला पहनाकर सम्मानित भी किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण एवं आत्मनिर्भरता बनाने के साथ,उनके कल्याण हेतु निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर भागीरथ सेवा संस्थान, इंस्टीटयूट ऑफ रिहैबिलिटेशन सेंटर, आनंदा ट्रेनिंग सेन्टर, अद्वैत संस्था के दिव्यांग बच्चों द्वारा हस्तनिर्मित वस्तुओं की प्रदर्शनी लगाई जिनका अवलोकन करते हुए उप मुख्यमंत्री ने बच्चों के कौशल एवं सृजनात्मकता की सहारना की। भागीरथ सेवा संस्थान के छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया। इस दौरान दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी अंशुल चौहान आदि मौजूद रहे।
डिप्टी सीएम ने मयंक गोयल के घर खाए कढ़ी चावल
गाजियाबाद (युग करवट)। महर्षि कश्यप की जयंती समारोह में शामिल होने पहुंचे प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सीधे भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेहरू नगर स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उन्होंने मयंक गोयल के परिजनों से मुलाकात की और आवास पर दोपहर का भोजन किया। इस दौरान भोजन में डिप्टी सीएम को कढ़ी चावल परोसे गए।