नई दिल्ली (युग करवट)। भाजपा ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए 144 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी कर दी। पार्टी ने नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को भवानीपुर से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है, जहां से ममता बनर्जी चुनाव लड़ती हैं और वर्तमान में यहां से विधायक भी हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लडऩे का फैसला किया था। लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
उसके बाद भवानीपुर से टीएमसी विधायक सोवनदेब चट्टोपाध्याय ने ममता के लिए अपनी सीट छोडऩे का फैसला किया था और यहां से वह उपचुनाव में जीतकर बंगाल विधानसभा में पहुंची थीं। भाजपा द्वारा इस निर्वाचन क्षेत्र से अधिकारी को मैदान में उतारने का निर्णय तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व को उसके गढ़ में चुनौती देने की आक्रामक रणनीति का संकेत देता है। भाजपा ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष को खडग़पुर सदर से मैदान में उतारा है।
फायरब्रांड महिला नेता अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण से चुनाव लड़ाने का फैसला किया है, जबकि पूर्व राज्यसभा सांसद स्वपन दासगुप्ता राशबेहारी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा ने कालीगंज से बापन घोष, डायमंड हार्बर से दीपक कुमार हलदर, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुकर्जी, हासन से निखिल बनर्जी, कूचबिहार उत्तर से सुकुमार रॉय और सिलीगुड़ी से शंकर घोष को मैदान में उतारा है।