मंडलायुक्त ने निरीक्षण में दिए शिकायतों के रजिस्टर्ड को अपडेट रखने के निर्देश
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मेरठ मंडल आयुक्त भानूचंद्र गोस्वामी ने बुधवार को जिला मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्यालय के विभागों का अवलोकन किया फाइलों को देखा। हालांकि इस दौरान शिकायतों के लम्बित होने, उनका रिकॉर्ड सही से उपलब्ध न होने पर उन्होंने नाराजगी दिखाई।
मौके पर मौजूद कर्मचारी व अधिकारी जवाब नहीं दे पाएं। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों, फाइलों व शिकायतों का रिकॉर्ड मेनेंटेन किया जाए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि कार्यालय में जो भी कार्य किया जाए, उसका रिकार्ड रखना अनिवार्य है, डाटा-रिकार्ड, रजिस्टर, कम्प्यूटर में सुरक्षित रखा जाएगा। हर दिन रजिस्टर का निरीक्षण किया जाए। अगर किसी विभाग में कोई शिकायत आती है तो वह कब आई, उस पर क्या कार्रवाई की, उसके पटल पर शिकायत लम्बित है, कब से लम्बित है, उस पर क्या कार्रवाई हुई, विभागीय स्तर पर क्या जवाब, कब आया,इसका रिकार्ड मेनटेंन रखना आवश्यक है। इस मौके पर मंडलायुक्त ने कहा कि अधिकारी-कर्मचारियों के ट्रांसफर होते रहते हैं, यदि वह अपने पदभार की जानकारी रजिस्टरों में नहीं लिखेंगे तो उस पदभरा को ग्रहण करने वाला व्यक्ति कैसे कार्य कर सकेगा। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अगर कोई कार्य में लापरवाही बरता है जो उसकी जवाबदेही तय करते हुए कार्रवाई की जाए। हर अधिकारी को उसके पटल के सभी कार्यो की जानकारी होनी चाहिए। इसमें किसी प्रकार की कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़, सीडीओ अभिनव गोपाल, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, एडीएम फाइनेंस सौरभ भट्ट, एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम एलए अविनाश, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.संतोष उपाध्याय, एसडीएम सदर अरूण दीक्षित आदि मौजूद रहे।