नई दिल्ली (युग करवट)। रक्षा मंत्री रजनाथ सिंह और फ्रांसीसी समकक्ष कैथरीन वाउटरिन ने कर्नाटक के वेमगल में एच125 हेलीकॉप्टर की फाइनल असेंबली लाइन का उद्घाटन किया। इस मौके पर भारतीय वायु सेना के प्रमुख एपी सिंह भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत अब निजी उद्योगों और एमएसएमई की मदद से रक्षा निर्यात में तेजी से आगे बढ़ रहा है और अन्य देशों को उन्नत सुरक्षा समाधान देने को तैयार है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत में रक्षा उत्पादन हमेशा सरकारी क्षेत्र की ओर केंद्रित रहा है। इसके कारण निजी कंपनियों का योगदान रक्षा उत्पादन और निर्यात में अपेक्षानुसार कम रहा। लेकिन अब स्थिति बदल चुकी है। भारत के रक्षा निर्यात में काफी बढ़ोतरी हुई है और देश दुनिया के शीर्ष रक्षा निर्यातकों में शामिल हो गया है। इस वृद्धि से छोटे और मध्यम उद्योग और सहायक उद्योगों को भी बहुत फायदा मिला है। कई विदेशी कंपनियां अब अपने कई हिस्सों की आपूर्ति भारतीय एमएसएमई से करती हैं। रक्षा मंत्री ने एच125 हेलीकॉप्टर कार्यक्रम के निवेश के बारे में भी जानकारी दी। इस परियोजना में 1000 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा और इससे सीधे और अप्रत्यक्ष रूप से देश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।