दिल्ली (युग करवट)। पालम इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत के बाद गुरुवार को शोक सभा के दौरान आम आदमी पार्टी और भाजपा नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। जिससे मौके पर तनाव फैल गया। मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के नेताओं को वहां से हटाकर मामले को शांत कराया। दरअसल, पालम अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के बाद लगातार अलग-अलग पार्टी के नेता पीडि़त परिवार से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल शाम पांच बजे पीडि़त परिवार से मुलाकात करने के लिए पहुंचने वाले थे, लेकिन उनके आने से पहले वहां आप के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत आम आदमी पार्टी के कई पार्षद-विधायक और नेता मौके पर पहुंच गए। जब आप नेता शोक सभा में बैठे थे, तभी वहां भाजपा विधायक कुलदीप सोलंकी पहुंच गए, इसी बीच सौरभ भारद्वाज ने भाजपा विधायक को अपने मोबाइल में वह वीडियो दिखाना शुरू किया, जिसमें बचाव कार्य के दौरान हाइड्रोलिक मशीन फेल होती दिख रही थी। भारद्वाज ने इस विफलता के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराना शुरू किया, जिससे तीखी नोकझोंक छिड़ गई। कुछ ही पलों में यह बहस गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई।