गाजियाबाद (युग करवट)। पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड के द्वारा शुरू की गई अनूटी पहल सुधारित बीट प्रणाली को उस समय मिली कि जब कौशांबी थाने की एक बीट पर बीपीओ के पद पर तैनात आरक्षी विनेश चौधरी की सटीक सूचना के बाद न केवल भारत विरोधी गतिविधियों को संचालित करने वाले स्लीपर सेल के नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ बल्कि राष्टï्र विरोधी ताकतों के इशारे पर काम कर रहे इस नेटवर्क के एक दर्जन से अधिक अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में भी सफलता मिली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर बीपीओ विनेश चौधरी इस महत्वपूर्ण सूचना को नहीं देता तो ये भारतीय सुरक्षा के लिये खतरा बन सकते थे। अधिकारियों के मुताबिक जब आरक्षी विनेश चौधरी की सूचना पर कौशांबी थाने के एसएचओ अजय कुमार शर्मा की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआइ व आतंकी संगठनों के हैंडलर सुहेल के अलावा अन्य अभियुक्तों प्रवीण कुमार, रितिक गंगवार, राज बाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि एवं शाने इरम उर्फ महक से गहन पूछताछ की तो उन्होंने भारत की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने जैसे कई चौकाने वाले खुलासे करते हुए भारत की सुरक्षा एजेंसियों को भी सकते में डाल दिया।