नई दिल्ली (युग करवट)। भारत-बांग्लादेश रिश्तों में सुधार की दिशा में पहला कदम उठाते हुए दिल्ली स्थित बांग्लादेश हाई कमीशन ने शुक्रवार को भारतीय नागरिकों के लिए वीजा सेवाएं फिर से शुरू कर दीं। करीब दो महीने पहले इन सेवाओं को रोक दिया गया था। यह फैसला ऐसे समय पर लिया गया है जब तीन दिन पहले ही तारिक रहमान ने बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री के रूप में पद संभाला है। इससे संकेत मिलता है कि उनकी पार्टी, बीएनपी, के लिए नई दिल्ली बेहद अहम है और शुरुआती स्तर पर रिश्तों की कड़वाहट दूर करने की कोशिश हो रही है।
दिसंबर में दोनों देशों के रिश्तों में तेज गिरावट के बाद वाणिज्य दूतावास और वीजा सेवाएं रोक दी गई थीं। यह तनाव भारत-विरोधी छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की हत्या के बाद बढ़ा था। हादी की मौत के बाद बांग्लादेश में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए, जिनमें भारत विरोधी तत्वों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। कई हिंदुओं को निशाना बनाया गया और लिंचिंग की घटनाएं सामने आईं, जिससे कूटनीतिक तनाव बढ़ गया।