विधानसभा चुनाव
खुलकर कहने लगे दावेदार
गाजियाबाद (युग करवट)। विधानसभा चुनाव २०२७ को लेकर सभी दलों में दावेदारी शुरू हो गई है। लेकिन सबसे ज्यादा दावेदारी सत्तारूढ़ दल भाजपा में चल रही है। शहर में होर्डिंग्स बता रहे हैं कि कितने लोग दावेदार हैं। हालांकि कभी होर्डिंग्स से टिकट नहीं मिला करते लेकिन कम से कम एक तस्वीर साफ होती है कि ये भी दावेदार हैं।
कुछ होर्डिंग्स ऐसे होते हैं जो काफी गंभीरता से लिये जाते हैं। अभी हाल ही में शहर में पिलखुवा नगर पालिका के चेयरमैन विभु बंसल के होर्डिंग्स चारों ओर दिखाई दे रहे हैं। विभु बंसल का बहुत ही पुराना पिलखुवा का परिवार है और समाज में एक प्रतिष्ठित परिवार है। विभु बंसल खुद एक बहुत ही व्यवहारिक, मिलनसार व्यक्ति हैं। उन्होंने पहला चुनाव पिलखुवा नगर पालिका का लड़ा और जीत गये। उनका पूरा परिवार लंबे समय से संघ से जुड़ा हुआ है। विभू बंसल लोगों में बहुत ही अच्छा संपर्क है। कई सालों से वो शहर में कविनगर क्षेत्र में रहते हैं जाहिर है अब वो नगर के निवासी हैं। उनकी अधिकतर रिश्तेदारी भी शहर में हैं। विभू बंसल के होर्डिंग्स शहर में जरूर गंभीरता से लिये जा रहे हैं हालांकि उनके होर्डिंग्स मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में भी लगे हैं और कुछ होर्डिंग्स साहिबाबाद में भी देखे गये हैं। सभी विधानसभाओं में होर्डिंग्स लगने से लोग ये नहीं समझ पा रहे हैं कि वो किस विधानसभा से दावेदारी कर रहे हैं। हालांकि विभू बंसल ने कोई इस बात का संकेत नहीं दिया है कि वो चुनाव लड़ेंगे। हालांकि उनके चाहने वाले उनके शुभचिंतक चाहते हैं कि विभू बंसल चुनाव लड़े क्योंकि उन जैसे जनप्रतिनिधि की आज समाज में जरूरत है जो सभी को साथ लेकर चलता है और जिसका मिशन केवल जनसेवा हो। वैसे भी विभू बंसल की पकड़ की बात की जाए तो दिल्ली में कई बड़े मजबूत नेताओं से उनके पारिवारिक संबंध हैं। कई ऐसे बड़े नेता सीधे तौर पर हाईकमान से जुड़े हैं। विभू बंसल के यहां उनका आना भी होता है। वहीं अब कुछ ऐसे भी दावेदार है जो खुलकर टिकट की दावेदारी कर रहे हैं। इतना ही नहीं सीधे मुंह पर अब ये कह रहे हैं कि अब आप जगह खाली करो और हमें मौका दो।
एक दावेदार पूर्व महानगर अध्यक्ष अजय शर्मा हैं। अजय शर्मा साहिबाबाद विधानसभा से अपनी दावेदारी की बात कर रहे हैं। उन्होंने साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र में अपने आप को प्रचारित करना शुरू कर दिया है। वर्तमान में साहिबाबाद विधानसभा सीट से योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा विधायक हैं। अभी दो दिन पहले सुनील शर्मा और अजय शर्मा आमने-सामने थे। भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद थे। बात दावेदारी की चली तो अजय शर्मा ने सुनील शर्मा से कहा कि अब आप कई पारी खेल चुके हैं। अब आप हमें मौका दीजिए। उन्होंने कहा कि पार्टी ने आपको बहुत कुछ दे दिया है। कई बार आप को टिकट भी मिल गया है अब आप हर बार टिकट क्यों मांग रहे हैं अब आप नौजवानों को मौका दीजिए। सुनील शर्मा बहुत गंभीर व्यक्ति हैं उन्होंने बात को हंसी में टाला और घुमा-फिराकर जवाब भी दे दिया। कौन घर बैठेगा और कौन पारी खेलेगा इसका फैसला तो हाईकमान को करना है लेकिन उन्होंने अजय शर्मा से कहा कि फिलहाल तो एक और दावेदार प्रकट हो गये हैं। तुम उनको देखों मैं पारी खेलूंगा या नहीं खेलूंगा ये तो हाईकमान तय करेगा।