लखनऊ (युग करवट)। बसपा सुप्रीमो मायावती ने कहा कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सभी बुनियादी काम बसपा की सरकार में पूरे हो गए थे। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अगर केंद्र में रही कांग्रेस की सरकार ने इस पर रोड़े न अटका, होते तो इसका निर्माण काफी पहले ही पूरा हो जाता।
उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं बल्कि उस समय केन्द्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे आदि की तरह, काफी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता। जहां तक सपा सरकार का सवाल है तो इनका ज़्यादातर समय उत्तर प्रदेश की गऱीबी व पिछड़ेपन आदि को दूर करने हेतु विकास के ठोस कार्य करने के बजाय, खासकर बीएसपी सरकार द्वारा समाज के कमज़ोर तबक़ों के हित, कल्याण व उनके उत्थान हेतु लिये गये ऐतिहासिक फैसलों व किये गये महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय बनाने के साथ-साथ बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं व महापुरुषों के आदर-सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व जिला आदि का नाम बदलने व उनके नाम पर बने स्थलों, स्मारकों, एवं पार्कों आदि की अनदेखी व उपेक्षा करने के नकारात्मक, जातिवादी व राजनीतिक द्वेष में ही ज़्यादातर समय लगी रही, जो किसी से भी छिपा हुआ नहीं है।
अत: इन सबके मद्देनजऱ यूपी की जनता से अपील है कि वे विरोधी पार्टियों की छलावापूर्ण राजनीति व बहकावे में ना आकर बीएसपी के ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति व सिद्धान्त में विश्वास रखते हुये अपने व प्रदेश के विकास हेतु बीएसपी के आयरन नेतृत्व पर ही भरोसा करें। इसके साथ ही, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिये अलग से प्रदेश बनाने का सपना ना जाने कब पूरा होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्धाटन कर दिया।