लखनऊ बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती आज मंगलवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अहम बैठक करेंगी। इस बैठक में यूपी स्टेट व जिला कमेटी के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक का उद्देश्य संगठन की जमीनी व आर्थिक मजबूती, जनाधार विस्तार और आगामी चुनावों की तैयारियों की समीक्षा करना है। साथ ही, निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति रिपोर्ट ली जाएगी। भविष्य की रणनीति पर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। बैठक सुबह 11 बजे माल एवेन्यू स्थित कार्यालय में आयोजित होगी। दरअसल यूपी में अगले साल विधानसभा चुनाव होना है। इसके लिए सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव दादरी से चुनाव तैयारी का बिगुल बजा ही चुके हैं। भाजपा की तैयारी पहले से ही चल रही है। ऐसे में बसपा प्रमुख किसी से पीछे नहीं रहना चाहती हैं। बताया जा रहा है कि बसपा संगठन की इस बैठक में मायावती चुनावी तैयारी की समीक्षा करेंगी। इसीलिए जिला कमेटी स्तर तक के पदाधिकारी लखनऊ बुलाए गए हैं। बसपा प्रमुख उनसे फीडबैक भी लेंगी।
न जाने कब पूरा होगा अलग प्रदेश और हाईकोर्ट की बेंच बनने का सपना:मायावती
लखनऊ (युग करवट)। बसपा सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अलग प्रदेश का मुद्दा छेड़ा है। उन्होंने कहा कि अलग प्रदेश और हाईकोर्ट की बेंच बनने का सपना न जाने कब पूरा होगा?
मायावती ने कहा कि लंबे इंतजार के बाद जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन हुआ। इसकी रूपरेखा और बुनियादी कार्य बसपा की सरकार में ही शुरू हो गए थे। हालांकि, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग से बेंच व उनके लिए अलग प्रदेश बनाने का सपना न जाने कब पूरा होगा? बसपा सरकार द्वारा समाज के कमजोर तबकों के हित में लिए गए ऐतिहासिक फैसलों और बहुजन समाज के संतों, गुरुओं व महापुरुषों के सम्मान में निर्मित शिक्षण व मेडिकल संस्थानों व जिलों आदि का नाम बदला गया। मायावती ने प्रदेश की जनता से विरोधी पार्टियों की छलावे वाली राजनीति व बहकावे में नहीं आने की अपील की।