नई दिल्ली (युग करवट)। दिल्ली के पांच स्कूलों को आज सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद स्कूल परिसरों को खाली कराया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान शुरू किया। दिल्ली फायर सर्विसेज ने पुष्टि की कि दिल्ली कैंट स्थित लोरेटो कॉन्वेंट, चितरंजन पार्क का डॉन बॉस्को और आनंद निकेतन व द्वारका स्थित कार्मेल कॉन्वेंट के परिसरों को धमकी मिली है। वहीं, लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय ने छात्रों के अभिभावकों को संदेश भेजकर सुरक्षा खतरे की जानकारी दी। पुलिस और दमकल विभाग को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद स्कूलों को खाली कराने की प्रक्रिया शुरू की गई और एंटी सबोटाज जांच की गई।