नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मंगलवार को जिले में यूपी सरकार के नौ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हुए कार्यक्रमों में जिले के प्रभारी मंत्री व स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री असीम अरूण ने शिरकत की। इस दौरान मीडिया ब्रीफिंग रखी गई।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री पत्रकारों के सवालों का गोलमोल जवाब देते रहे और कई सवालों को उन्होंने टाल दिया। उनसे सबसे पहले शहर में बढ़ते हाउस टैक्स को लेकर सवाल पूछा गया जिस पर उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले पर अपना निर्णय ले लिया है, हाउस टैक्स बढ़ाया जाएगा लेकिन जनता को ध्यान में रख कर। हालांकि सरकार ने हाउस टैक्स को लेकर क्या निर्णय लिया है, किस तरह का टैक्स की दरें रखी जाएंगी, इसको लेकर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और सिर्फ यही कहा कि जनता के हित में निर्णय लिया जाएगा। उनसे यह सवाल भी पूछा गया कि एक ओर टैक्स कम करने का दावा किया जा रहा है तो दूसरी ओर अभी भी लोगों को बढ़े टैक्स के बिल भेजे जा रहा हैं। इसको लेकर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। इसके बाद उनसे स्मार्ट मीटर के प्रीपैड कनेक्शन को लेकर सवाल किए गए। तो उन्होंने पूर्व सरकार में बिजली की कमी की बात कहकर सवाल को टाल दिया गया, उनसे फिर उपभोक्ताओं की समस्या को लेकर सवाल किया गया तो उसका कोई जवाब प्रभारी मंत्री के पास नहीं था, उन्होंने यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि प्रक्रिया में समय लगेगा। इस दौरान लगातार प्रभारी मंत्री से हाउस टैक्स और स्मार्ट मीटर को लेकर सवाल किए जाते रहे, लेकिन उन्होंने किसी भी सवाल का स्पष्टï जवाब नहीं दिया। मीडिया के लगातार सवाल होने के चलते कुछ समय बाद ही प्रेसवार्ता को समाप्त कर दिया गया। करीब आधा घंटे चली इस प्रेसवार्ता में प्रभारी मंत्री सरकार की उपलब्धियों व पूर्व सरकारों की विफलता पर बात करते दिखे, लेकिन जनता से जुड़े सवालों को उन्होंने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।