विधानसभा चुनाव २०२७
गाजियाबाद (युग करवट)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश की राजनीति में किसी जमाने में अपनी एक अलग छवि रखने वाले पूर्व मंत्री डीपी यादव इस बार २०२७ के विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ ताल ठोकेंगे। हालांकि अभी उन्होंने विधानसभा तय नहीं की है लेकिन तीन विधानसभाओं में से एक पर चुनाव लड़ सकते हैं। युग करवट के साथ अनौपचारिक बातचीत में पूर्व मंत्री ने अपने मन की बात रखी। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग किये जाने को लेकर लगातार सम्मेलन और बैठकें कर रहे हैं जिसमें लोगों का बहुत समर्थन मिल रहा है। 27 जिलों को मिलाकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने का लेकर उन्होंने अलीगढ़ में भी एक बड़ा कार्यक्रम किया। इसके अलावा दिल्ली कॉन्स्ट्यिूशंस क्लब में एक बड़ा कार्यक्रम हुआ जिसमें राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले कई बड़े राजनेताओं ने शिरकत की। डीपी यादव से जब ये मालूम किया गया कि वो किस विधानसभा से चुनाव लड़ेंगे तो उन्होंने बताया कि बदायूं की सहसवान, अस्मौली एवं सिकंद्राबाद विधानसभा से उनका चुनाव लडऩे का मन है। उन्होंने ये भी बताया कि उनके शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं का कहना है कि सिकंद्राबाद विधानसभा से चुनाव लड़ा जाए। हालांकि उन्होंने कहा कि अभी कोई फाइनल नहीं है। लेकिन सिकंद्राबाद विधानसभा से उनका पुराना लगाव है। बुलंदशहर एवं आसपास के जनपदों में उनके बहुत ही अपनी पुराने साथी भी हैं जिनका यही विचार है। उन्होंने बताया कि चुनाव कहां से लड़ा जाएगा इसका फैसला वो अपने लोगों की एक बैठक बुलाकर लेंगे। पूर्व मंत्री डीपी यादव आजकल काफी सक्रिय दिखाई दे रहे हैं। वो अपने समाज के अलावा सभी जाति और धर्म के लोगों के यहां होने वाले कार्यक्रमों में पहुंच रहे हैं और लोग भी उनके साथ पूरी तरह से खड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। हमेशा डीपी यादव के साथ रहने वाले देवेंद्र त्यागी ने बताया कि पूर्व मंत्री से कई नेताओं ने सम्पर्क किया है। इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश को लेकर जो अभियान चल रहा है उसमें बड़ी संख्या में लोगों का समर्थन मिल रहा है।