नोएडा (युग करवट)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई (94 वर्ष) का नोएडा के मेट्रो अस्पताल में निधन हो या। उन्हें गंभीर हालत में कल सुबह अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी मौत हृदय घात के चलते हुई है। वह नोएडा के सेक्टर 40 में रह रही थी। मोहसिना किदवई के निधन की खबर मिलते नोएडा स्थित उनके आवास पर परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लग गया। उनके निधन पर कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपनी टीम के साथ नोएडा पहुंचे। अंतिम दर्शन कर उन्होंने भावभीनी श्रद्वांजलि दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद, आनंद शर्मा, राज्यसभा सांसद जयराम रमेश, सांसद तनुज पुनिया, सुप्रिया शिंदे, रामपुर के सपा सांसद मोहबुल्लाह नदवी उनके आवास पर पहुंचे। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी, राज्यसभा सांसद मुकुल वासनिक, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित ने गहरा शोक व्यक्त किया।