२ दरोगाओं समेत ४ पुलिसकर्मियों में गिरी गाज
गाजियाबाद (युग करवट)। निवाड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत पतला गांव में रहने वाले ३५ वर्षीय अमित पुत्र सुभाष की संदेहास्पद स्थिति के दौरान पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी। इस धटना के बाद जब मृतक युवक के परिजनों ने हंगामा करके पतला चौकी पर तैनात दो उपनिरीक्षकों समेत कइ पुलिसकर्मियों पर अमित को टॉर्चर करके उसकी हत्या करने के आरोप लगाये तो डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने इस प्रकरण को पूरी गंभीरता से लेकर जहां आरोपित दरोगाओं व पुलिस कर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करवा दी वहीं दो दरोगा व एक दीवान समेत चार पुलिसकर्मियों के सस्पेंसन की कार्रवाई भी की। उधर, अमित की मौत के बाद उसके परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर जहां जाम लगा दिया वहीं घंटों तक प्रदर्शन किया। इस सूचना के मिलते ही पुलिस के आला अफसर फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। डीसीपी ने आरोपित दोनों उपनिरीक्षकों व दीवान समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देकर माहौल को शांत किया। इस संदर्भ में डीसीपी सुरेंद्र तिवारी ने बताया कि गश्त के समय पुलिस को पतला चौकी पर तैनात दो दरोगाओं समेत चार पुलिसकर्मियों को एक युवक नशे की हालत में मिला था। उसके उपचार के लिए पुलिस जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई तो युवक वहां से भाग निकला और सडक़ पर जाकर किसी वाहन से टकरा गया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। डीसीपी का कहना है कि इस मामले की जांच हर एंगल पर की जा रही है।