नोएडा (युग करवट)। पुलिसिंग को और बेहतर बनाने के लिए जल्द ही दो नए पुलिस दफ्तर और एक आवास का निर्माण किया जाएगा। यह निर्माण कार्य सूरजपुर स्थित पुलिस मुख्यालय में किया जाएगा। इसके लिए करीब 4 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान लगाया गया है। यहां डीसीपी क्राइम का नया दफ्तर बनाया जाएगा। इसके साथ ही डीसीपी सेंट्रल के लिए आवास और कैंप ऑफिस भी तैयार किया जाएगा। इन दोनों प्रोजेक्ट के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एजेंसियों से 22 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए हैं। जल निगम से मिली जानकारी के मुताबिक डीसीपी क्राइम के दफ्तर के निर्माण पर लगभग एक करोड़ 67 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं, डीसीपी सेंट्रल के आवास और कैंप ऑफिस के निर्माण पर एक करोड़ 67 लाख 89 हजार रुपये की लागत आएगी। डीसीपी क्राइम के लिए अलग दफ्तर होने से अपराध से जुड़े मामलों की निगरानी और जांच में तेजी आएगी। डीसीपी सेंट्रल के लिए आवास और कैंप ऑफिस बनने से उन्हें क्षेत्र में बेहतर तरीके से काम करने में मदद मिलेगी। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसे करीब 5 महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। यह कदम शहर में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। सूरजपुर पुलिस मुख्यालय में बनने वाले ये नए दफ्तर और आवास पुलिस व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होंगे।