गाजियाबाद (युग करवट)। हज यात्रा पर जाने वाले दो सौ हज यात्रियों को एनसीडी विंग में वैक्सीन लगाई गई। बता दें कि हज यात्रा पर जाने से पहले हज यात्रियों को इन्फ्लुएंजा, निमोनिया, पोलियो समेत कई बीमाकियों से बचाव का टीका लगाया जा रहा है। इसी कड़ी में पहले दिन दो सौ हज यात्रियों को वैक्सीन लगाई गई। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. नीरज अग्रवाल ने बताया कि तीन दिन तक टीकाकरण अभियान चलेगा जिसमें 671 हज यात्रियों को क्वाड्रीवेलेन्ट मैनिंगोकॉकल मेनिनजाइटिस वैक्सीन, सीजनल इन्फ्लूएंजा वैक्सीन, ओरल पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी। इसमें 349 पुरुष और 322 महिलाएं शामिल हैं। टीकाकरण के साथ-साथ हज यात्रियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। जिसमें यात्रियों को हज यात्रा के दौरान भीड़ में खुद को सुरक्षित रखना, गर्मी से बचाव, संतुलित आहार लेने, दवाओं के नियमित सेवन की जानकारी दी गई।