नई दिल्ली (युग करवट)। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए पीएम आवास पर सीसीएस की बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार शाम पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा के लिए वरिष्ठ कैबिनेट मंत्रियों के साथ बैठक की। इस बैठक में आम लोगों के लिए खाद्य, ऊर्जा और ईंधन सुरक्षा जैसे जरूरी मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, पीयूष गोयल, शिवराज सिंह चौहान, जेपी नड्डा, अश्विनी वैष्णव, मनोहर लाल खट्टर, प्रल्हाद जोशी, के राममोहन नायडू और हरदीप सिंह पुरी समेत कई मंत्री शामिल हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पीके मिश्रा और शक्तिकांत दास तथा कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन भी बैठक में मौजूद रहे।