ट्रोनिका सिटी क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड से सनसनी
पत्नी ने मकान बेचने व तलाक लेने की बात कही तो पति ने मार दी गोली
राशिद के दोस्त फईम व पत्नी शबनम के एक साल से थे संबंध
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। सोमवार की रात लगभग सवा बजे के आसपास ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र की बुद्घ बाजार रामपार्क में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी व उसके प्रेमी को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। उसके बाद कातिल राशिद मौके से फरार हो गया।
इस वारदात की सूचना मिलने के बाद एसीपी लोनी सिद्घार्थ गौतम व एसएचओ ट्रोनिका सिटी मनोज कुमार की टीम फील्ड यूनिट के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई। उसके बाद घटनास्थल की फोरेंसिक जांच कराने के बाद पुलिस ने मृतका शबनम उर्फ शब्बो व फईम के शव को पोस्टमार्टम के लिये भिजवाकर अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी। उसके बाद एसीपी लोनी सिद्घार्थ गौतम ने भी वारदात के समय समय मौजूद राशिद के बच्चों व अन्य परिजनों से गहन पूछताछ की। इसी बीच डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। डीसीपी रूरल सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जांच व मृतका शबनम व उसके कातिल पति के सात बच्चों से की कई पूछताछ में यह बात सामने आई कि जिस मकान में वो रहे हैं वो उनकी मां शबनम के नाम था। एक साल पहले से उनके घर आने वाले उनक पापा के दोस्त फईम के नाजायज संबंध उनकी मां शबनम के साथ हो गये थे। जिसके चलते उनके घर में इस बात को लेकर आये दिन कलेश होता रहता था। पिछले कुछ समय से उनकी मां शबनम पापा राशिद से तलाक लेने व मकान को बेचने का दवाब बना रही थी। इसी बात को लेकर सोमवार की रात भी राशिद, शबनम व फईम के बीच बहस हुई। रात लगभग सवा बजे के आसपास राशिद ने फईम व शबनम को गोली मार दी।
उसके बाद वह वहां से भाग गया। श्री तिवारी ने बताया कि राशिद व शबनम के सात बच्चे हैं। इनमें से एक की शादी भी हो चुकी है। श्री तिवारी ने बताया कि राशिद की गिरफ्तारी के लिये पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं।