नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यूपी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित प्रेसवार्ता में प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने कहा पिछले नौ सालों में गाजियाबाद का हर स्तर पर विकास हुआ है। जिला औद्योगिक नगरी के रूप में बेहतर तरीके से उभरा है। कानून व्यवस्था में सुधार हुआ है। उद्यमी यहां अपने आपको सुरक्षित मानकर निवेश के लिए कदम बढ़ा रहे हैं।
जिले के बेहतर होते विकास के साथ ही चुनौतियां भी बढ़ी हैं। नौ सालों में जिले में इकाईयों बेहतर हुई हैं कुछ नई शुरू हुई है। ऐसे में नई इकाईयों को लगाने के लिए जमीन चिन्हित करने, मैन्यूफैक्चिरिंग बढ़ाने की चुनौती अभी सामने हैं। विशेषकर जिले में बड़ी संख्या में इकाई लगने के साथ-साथ प्रदूषण से निबटना भी बड़ी चुनौती हैं। हर साल नवंबर-दिसंबर के महीने में प्रदूषण इतना बढ़ जाता है, जिसमें सांस लेना भी मुश्किल हो जाता है। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। इसके लिए नवंबर में प्रयास नहीं किए जाएंगे, बल्कि अभी से प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आगामी नवंबर के महीने में जिले का एक्यूआई का स्तर अन्य जिलों के मुकाबले बेहतर होगा। लोग स्वच्छ हवा में सांस ले सकेंगे। प्रभारी मंत्री ने कहा कि हापुड़ चुंगी पर फ्लाईओवर बनने जा रहा है। हिण्डन एयरपोर्ट का विकास हो रहा है। आरआरटीएस के विस्तार से जिले में भी रोजगार आदि की सम्भावनाएं बढ़ेंगी। जेवर एयरपोर्ट शुरू होने जा रहा है, बेशक वह नोएडा में हैं लेकिन उसका लाभ गाजियाबाद को भी मिलेगा। कई विकास योजना पीएम मोदी और सीएम योगी के नेतृत्व में चल रही हैं जिससे चौतरफा विकास की बयार बह रही है।
अगले वर्ष भी उसी मजबूती से काम करना होगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि आज चुनौती सडक़ में गड्डे की नहीं है बल्कि चुनौती यह है कि सडक़ बनने के बाद उसे फिर से ना खोदा जाए, जो भी काम होने हैं वह सभी एक साथ हों, ताकि पांच से दस साल सडक़ को नुकसान न पहुंच सके।
पूर्व की सरकारों में वीआईपी जिलों में ही रहती थी बिजली
गाजियाबाद (युग करवट)। प्रभारी मंत्री असीम अरूण ने मीडिया से वार्ता के दौरान स्मार्ट मीटर को लेकर आ रही समस्या के सवाल पर कहा कि यूपी में नौ साल पहले बिजली की जो स्थिति थी, वह सबको पता है। महज कुछ वीआईपी जिलों में ही बिजली आती थी, अखिलेश यादव के चहेते जिलों में बिजली की पूरी सप्लाई होती थी। अब हालात सुधरे हैं। लोगों को 22 से 24 घंटे तक सप्लाई दी जा रही है। वर्तमान में स्मार्ट मीटर लगाए जाने का प्रावधान किया गया है जिसमें चाहे सरकारी हो या आमजन सभी को प्रीपैड के तहत बिल जमा कराना होता है। प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभी भी कुछ जगहों पर लाइन लॉस की स्थिति बनी हुई है, उसमें सुधार लाया जा रहा है। अब पर्याप्त सप्लाई दी जा रही है। हालांकि स्मार्ट मीटर के चलते उपभोक्ताओं को रही परेशानियों को लेकर प्रभारी मंत्री गोलमोल जवाब देते रहे। उनका कहना है कि शुरूआती प्रक्रिया में दिक्कतें हैं, जिन्हें ठीक किया जा रहा है। उपभोक्ता समय से बिल जमा करें। बिल जमा होने के बाद भी कनेक्शन शुरू न होने पर प्रभारी मंत्री चुप्पी साध गए।
किफायत से खर्च करें गैस: प्रभारी मंत्री
गाजियाबाद (युग करवट)। घरेलू गैस किल्लत को लेकर प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभी देश में पर्याप्त मात्र में गैस, एलपीजी है। हमारी रिफाइनरी फुल हैं और पूरी क्षमता से कार्य कर रही हैं। लेकिन फिर भी परिस्थितियों पर नजर रखना जरूरी है। ऐसे में आम जन को सोचना चाहिए और किफायत से गैस आदि का खर्च करना चाहिए, ताकि गैस की किल्लत न हो सके। जो काम व बिजली के चूल्हे से कर सकते हैं, उससे करें, अन्य उपायों से काम चलाएं। सरकार लगातार प्रयास में जुटी है कि देश में किसी प्रकार की कोई किल्लत न हो।