नोएडा (युग करवट)। आगामी 17 अप्रैल को नोएडा को बसे हुए 50 साल पूरे हो जाएंगे। इस मौके पर सेक्टर-96 में बन रहे प्राधिकरण के नए दफ्तर समेत कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कराने की तैयारी है। स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री के आने की संभावना है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि अभी सेक्टर-6 में मुख्य प्रशासनिक कार्यालय चल रहा है। इसके अलावा सेक्टर-5, 19, 20, 39, 94 आदि जगह भी प्राधिकरण के दफ्तर हैं। अब सेक्टर-96 में प्राधिकरण का नया दफ्तर बन रहा है। यहां पर सभी दफ्तर एक साथ होंगे। इसका काम अंतिम चरण में है। इस साल 17 अप्रैल को नोएडा को बसे हुए 50 साल पूरे हो जाएंगे। प्राधिकरण के नए दफ्तर के अलावा सेक्टर-62 मॉडल गोलचक्कर पर बन रहा स्काईवॉक, जीआईपी मॉल के सामने बने घंटाघर, भंगेल एलिवेटेड रोड के लिए बनने वाले लूप समेत अन्य परियोजाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कराया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री प्राधिकरण के नए दफ्तर में पहुंचकर लोकार्पण करेंगे।