नोएडा (युग करवट) ।भारतीय किसान परिषद के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। सेक्टर-16 स्थित विद्युत निगम कार्यालय से जिलाधिकारी कैंप कार्यालय की ओर कूच कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने बीच रास्ते में ही बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। यह प्रदर्शन डूब क्षेत्र में रहने वाले कामगार वर्ग और किसानों के लिए स्थायी बिजली कनेक्शन और निर्बाध विद्युत आपूर्ति करने की मांग के साथ-साथ ‘यादव जी की लव स्टोरी’ फिल्म का विरोध के लिए किया जा रहा था। जैसे ही किसानों का जुलूस आगे बढ़ा, पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भारतीय किसान परिषद के अध्यक्ष सुखवीर खलीफा ने कहा कि उनकी दो मांग है। डूब क्षेत्र में रहने वाले कामगार वर्ग और किसानों के लिए स्थायी बिजली कनेक्शन और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की जाए। यादव जी की लव स्टोरी फिल्म का विरोध है। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों का कहना रहा कि बिना अनुमति के जुलूस निकालना नियमों का उल्लंघन है। काफी देर चले हंगामे के बाद, पुलिस ने परिषद के एक प्रतिनिधिमंडल को जिलाधिकारी कार्यालय जाकर ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी।