नोएडा (युग करवट)। बुधवार को थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में एक दुखद घटना हुई। जहां एक निजी विश्वविद्यालय के चार छात्र परीक्षा खत्म होने के बाद पार्टी कर रहे थे। इस दौरान एक छात्र की पानी में डूबने से मौत हो गई, जबकि उसके साथी सुरक्षित बचा लिए गए। मृतक छात्र की पहचान गाजियाबाद के इंदिरापुरम निवासी हर्षित भट्ट के रूप में हुई है। वह सुपरनोवा के पास स्थित एक खाली पड़े पुराने निर्माण स्थल पर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान हर्षित भट्ट पास में भरे हुए पानी में नहाने के लिए उतर गया। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। उसके साथियों ने तत्काल डॉयल-112 पर घटना की सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही पीआरवी कर्मी और थाना सेक्टर-126 पुलिस दल मौके पर पहुंचा। स्थानीय गोताखोरों की मदद से हर्षित भट्ट को पानी से बाहर निकाला गया। उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।