नोएडा (युग करवट) नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट परियोजना को एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि शुक्रवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को एयरोड्रम लाइसेंस मिल गया है। उन्होंने बताया कि यह लाइसेंस मिलने के बाद अब नोएडा एयरपोर्ट उड़ान के लिए तैयार है। जल्द ही एयरपोर्ट का उद्घाटन होगा। उदघाटन कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री योगी पीएम मोदी को आमंत्रित करेंगे। एयर इंडिया ,आकाशा और इंडिगो ने उड़ान भरने के लिए समझौता किया है। एयरोड्रम लाइसेंस मिलने के बाद इन एयरलाइंस के लोग यहां पर अपने स्टाफ और अन्य तकनीकी सुविधाओं को लगाना शुरू कर देंगे। एयरपोर्ट की सुरक्षा के लिए पहले से ही सीआईएसएफ और यूपी पुलिस तैनात है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने जेवर एयरपोर्ट को राज्य के सबसे महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट के रूप में विकसित किया है। यह एयरपोर्ट न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश बल्कि पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण एविएशन हब के रूप में उभर रहा है। इसके शुरू होने से उत्तर प्रदेश में निवेश, पर्यटन, लॉजिस्टिक्स और व्यापार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। साथ ही हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने बताया कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कई चरणों में विकसित किया जा रहा है। पूर्ण रूप से विकसित होने के बाद यह देश ही नहीं एशिया के सबसे बड़े एयरपोर्ट्स में शामिल हो जाएगा।