गाजियाबाद (युग करवट)। अंतर्राज्जीय स्तर पर नकली करेंसी का प्रचलन करके भारतीय अर्थ व्यवस्था को चोट पहुंचाने में लगे गिरोह के तीन सदस्यों को लोनी बॉर्डर थाने के एसएचओ मनीष सिंह बिष्टï की टीम ने मुखबिर की सूचना के बाद गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पुलिस की भनक लगते ही इस रैकेट के दो अपराधी फरार हो गये। पकड़े गये अपराधियों के पास से पांच-पांच के २३४ नकली नोट और इन नोट को इधर से उधर सप्लाई करने में प्रयुक्त होने वाली बाईक बरामद हुई। यह जानकारी देते हुए एसीपी अंकुर विहार एएसपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि एसएचओ लोनी बॉर्डर मनीष सिंह बिष्टï को सूचना मिली थी कि नकली करेंसी की भारी खेप लेकर कुछ अपराधी आने वाले हैं। इस सूचना के मिलते ही पुलिस ने बताये गये स्थान पर जाल बिछाकर चेकिंग करनी शुरू कर दी। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के सुबोध कुमार शाह व रोहित निवासी नेब सराय दिल्ली और मुन्ना उर्फ हरीश निवासी सलारपुर सैक्टर ३९ नोएडा को गिरफ्तार कर लिया। जबकि इस गैंग के अभिषेक उर्फ गज्जू निवासी बेहटा हाजीपुर लोनी बॉर्डर व उसका साथी फरार हो गये।