नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जिले के परिषदीय स्कूलों में अब नए सत्र से छात्रों को स्मार्ट क्लास में पढऩे का अवसर मिलेगा। इसके लिए हर स्कूल में कम से कम एक स्मार्ट क्लास होगी। ताकि बच्चों को स्मार्ट व डिजीटाइल तरीके से पढ़ाया जा सके। इसके अलावा 32 स्कूलों में निपुण शालाएं भी बनाई जा रही हैं। निपुण शाला के तहत छात्रों को खेल-खेल में रोचक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षित किया जाता है जिससे छात्र आसानी से कठिन से कठिन भाषा सीख लें। सीडीओ अभिनव गोपाल ने बताया कि इसके लिए सभी स्कूलों में अंतिम चरण में कार्य चल रहा है। सरकार का प्रयास है कि परिषदीय स्कूलों में पढऩे वाले छात्रों को आधुनिक तरीके से शिक्षित किया जा सके ताकि वह स्मार्ट तरीके से पढ़ाई कर सकें। इसके लिए पहले चरण में जिले के हर परिषदीय स्कूल की एक-एक क्लास को कम से कम स्मार्ट क्लास में तब्दील किया जा रहा है। आगामी चरण में अन्य कक्षाओं को भी स्मार्ट क्लास में बदला जाएगा। प्रयास है कि सभी कक्षाओं को स्मार्ट किया जाए। इसके अलावा छात्रों को निपुण शाला के माध्यम से भी बेहतर तरीके से शिक्षित किया जा रहा है।