गाजियाबाद (युग करवट)। श्री दूधेश्वरनाथ मठ मंदिर वाली गली में नई सीवर लाइन डालने का कार्य किया जा रहा है। कार्य का शुभारंभ मंदिर के पीठाधीश्वर जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं दिल्ली संत महामंडल के अध्यक्ष महंत नारायण गिरि ने किया। महंत नारायण गिरि ने कहा कि नई सीवर लाइन का कार्य पूरे होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ होगा और जलनिकासी आसानी से होने से जलभराव की समस्या का समाधान होने के साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था भी सुदृढ़ होगी। गली में वर्ष 1990 में सीवर लाइन डाली गई थी। लगभग 36 वर्ष बीत जाने के कारण सीवर लाइन जर्जर हो चुकी थी, जिससे स्थानीय नागरिकों को लंबे समय से सीवर जाम एवं गंदे पानी के भर जाने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। अब इस गली में 250, 300 एवं 350 व्यास की नई सीवर लाइन डाली जाएगी, जिससे क्षेत्र की सीवर जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा। यह कार्य वीएटेक व बाग कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज त्रिपाठी के नेतृत्व में कराया जा रहा है। पूर्व पार्षद मौ. ज़ाकिर अली सैफी, मौ. रमीज राजा सैफी, मौ. नोमान सैफी, वीए टेक व बाग के मैनेजर प्रभाकर, हितेश, प्रिंस, मन्नू चावरिया आदि भी मौजूद रहे।