घिसटती हुई डीएम की जनसुनवाई में पहुंची दिव्यांग बुजर्ग महिला
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। दिव्यांगों को लेकर डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ की संवदेनशीलता किसी से छिपी नहीं है। वह जहां-जहां भी तैनात रहे हैं वहां-वहां उन्होंने दिव्यांगो के हित में कार्य किया है। उनके पास जो भी दिव्यांग पहुंचता है, वह उसकी हरसम्भव मदद करने का प्रयास करते हैं। सिर्फ दिव्यांग ही नहीं बल्कि बुजुर्ग, महिला, बच्चों की मदद के लिए भी वह हमेशा तत्पर रहते हैं। उनकी इसी संवदेनशीलता का एक नजारा सोमवार को उनकी जनसुनवाई के दौरान देखने को मिला। जब एक बुजुर्ग दिव्यांग महिला घिसटते हुए उनके पास पहुंची। बुजुर्ग महिला को इस तरह अपने पास आता देख डीएम वहां मौजूद स्टाफ और होमगार्डस पर भडक़ उठे। उन्होंने स्टाफ को कड़ी लताड़ लगाते हुए कहा कि किसी भी बुजुर्ग या दिव्यांग को लाते समय उन्हें सम्मान और स्थान देना जरूरी है। यहां की दिव्यांगों को उनके पास आने में कोई समस्या न हो, इसके लिए जिले में चार्ज लेने के कुछ दिन बाद ही उन्होंने अपने कार्यालय में व्हील चेयर रखवा दी थी, बावजूद इसके दिव्यांगों को आए दिन व्हील चेयर मौजूद स्टाफ उपलब्ध ही नहीं कराता। सूत्र बताते हैं कि कई बार स्टाफ दिव्यांगों को व्हील चेयर उपलब्ध न होने की बात कह देता है। इसका खुलासा आज डीएम की जनसुनवाई में भी हो गया जब दिव्यांग घिसटते हुए उनके पास पहुंची। उन्होंने स्टाफ को कड़ी चेतावनी कि अगर दोबारा इस तरह की घटना हुई तो सम्बंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।