गाजियाबाद (युग करवट)। वेव सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत नायफल गांव में रहने वाले दुकानदार व उसके परिवार पर जानलेवा हमला बोलकर दबंगों ने पिता पुत्र व पुत्री को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना की तहरीर देते हुए दुकानदार विजय कुमार ने वेव सिटी थाना पुलिस को बताया कि सुबह के समय उसकी पुत्री संजना जब परचून की दुकान पर बैठी थी उसी समय अभिषेक, यशपाल, राजीव, सचिन व रोहित आदि अपने चार अन्य साथियों के साथ दुकान पर पहुंचकर उसकी पुत्री से अभद्रता करने लगे। पुत्री की चीखने पर वह और उसका पुत्र संदीप जब दुकान पर पहुंचे तो उपरोक्त हमलावरों ने उनके ऊपर लाठी डंड़ों से हमला करके उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस संदर्भ में एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल का कहना है कि उक्त वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस तकाल मौके पर पहुंच गई। उसके बाद पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराकर वादी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज करके अग्रिम कार्रवाई करनी शुरू कर दी।
सूत्रों के अनुसार वेव सिटी थाना पुलिस ने कई आरोपितों को हिरासत में भी ले लिया था।