गंगा एक्सप्रेस वे पर हुआ दर्दनाक हादसा
हापुड़ (युग करवट)। बीती रात सिंभावली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रैस वे पर हुए दर्दनाक हादसे के दौरान जहां थार कार के परखच्चे उड़ गये वहीं उसमें सवार चार युवकों की मौत हो गइ जबकि उनके साथ बैठा १७ वर्षीय किशोर विष्णु पुत्र गिरीराज निवासी पालपुर बिल्सी बदायूं भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे की सूचना मिलते ही सिंभावली थाना पुलिस के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर भी रेस्क्यू टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जांच करने में जुट गये। एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि रात १२ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि सिंभावली थाना क्षेत्र अंतर्गत गंगा एक्सप्रैस वे पर बदायूं की तरफ से दिल्ली की और तेज गति से भाग रही थार कार अनियंत्रित होकर पहले डिवाइडर से टकराई और फिर प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर काफी दूरी तक पलटती चली गई। श्री भटनागर ने बताया कि इस हादसे में पालपुर बिल्सी बदायूं निवासी जोगेंदर पुत्र झाझन सिंह, मेवली उघेती बदायूं निवासी सुखवीर व जसवंत पुत्रगण होतीलाल और पुरदलपुर इस्लामनगर बदायूं निवासी रवि पुत्र करण सिंह नामक युवकों की मौत हुई है।