गाजियाबाद (युग करवट)। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहित करने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए घोषित प्रादेशिक पुरस्कारों में गाजियाबाद स्थित थर्मोकूल होम एप्लायंसेज लिमिटेड का चयन किया गया है। कंपनी के सीएमडी राजीव कुमार गुप्ता को इस उपलब्धि पर विभिन्न सामाजिक एवं औद्योगिक संगठनों द्वारा बधाइयाँ दी जा रही हैं। यह सम्मान उनके कुशल नेतृत्व, नवाचार आधारित सोच और गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम माना जा रहा है। कंपनी ने अपने उत्पादों के माध्यम से बाजार में भरोसे और उत्कृष्टता की एक अलग पहचान स्थापित की है। विशेष रूप से जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र के उपायुक्त उद्योग आशुतोष सिंह एवं उनकी टीम द्वारा उद्यमियों को दिए गए मार्गदर्शन और सहयोग को इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। कंपनी की प्रगति में संजीव कुमार गुप्ता के अनुभव और मार्गदर्शन को भी अहम योगदान के रूप में देखा जा रहा है, जिनके संरक्षण में कंपनी ने निरंतर विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। राजीव कुमार गुप्ता के अनुसार कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और दूरदर्शिता ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।