बीएलओ नहीं उठा रहे फोन, डयूटी कटवाने के लिए लगा सिफारिशों का अंबार
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। एक ओर एसआईआर को लेकर जहां जिला निर्वाचन कार्यालय पर दबाव हैं वहीं दूसरी ओर डयूटी कटवाने के लिए बीएलओ जनप्रतिनिधियों से लेकर उच्च अधिकारियों तक की सिफारिशें लगवा रहे हैं। इतना ही नहीं कई बीएलओ ऐसे भी हैं जो डयूटी पर नहीं आ रहे हैं। सम्बंधित एआरओ उन्हें लगातार फोन कर रहे हैं, मगर वह उनके फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
गाजियाबाद विधानसभा के तीन बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। यह बीएलओ विजयनगर के कम्पोजिट विद्यालय सुदामापुरी, प्रताप विहार के लीलावती पब्लिक स्कूल, भीमनगर के सरस्वती शिक्षा निकेतन मतदान केन्द्र के हैं। कई बार इन बीएलओ को नोटिस तक जारी हो चुका है। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.संतोष कुमार उपाध्याय ने बताया कि कई बार इन बीएलओ को नोटिस दिए जाने के बाद भी डयूटी पर नहीं आ रहे हैं, फोन तक नहीं उठा रहे हैं, ऐसे में इन तीनों बीएलओ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। हर दिन बीएलओ डयूटी कटवाने के लिए पहुंच रहे हैं। डीएम के समक्ष भी एक बीएलओ डयूटी कटवाने के लिए पहुंची लेकिन उन्होंने स्पष्टï रूप से इंकार कर दिया है। डयूटी कटवाने का आलम यह है कि अधिकारी गेट पर घुसने से पहले ही कह देते हैं कि अगर कोई डयूटी कटवाने आया है तो वापस चला जाए। बता दें कि एसआईआर अभियान को लेकर नौ मैपिंग वाले मतदाताओं को नोटिस भेजे जा रहे हैं। नोटिस के बाद उन पर सुनवाई बीएलओ द्वारा की जा रही है फार्म भरवाएं जा रहे हैं। लेकिन बीएलओ अब डयूटी कटवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, यहां तक की सिफारिशें भी जनप्रतिनिधियों तक की लगवा रहे हैं।