नई दिल्ली (युग करवट)। भारत सरकार के पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में कच्चे तेल की आपूर्ति बिना किसी बाधा के और पूरी तरह से सुरक्षित रूप से जारी है। घरेलू उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद ढाई दिनों में सिलिंडर मिल जा रहा है और यह डिलिवरी की सामान्य साइकिल है। मंत्रालय ने देशवासियों से अपील की है कि वे एलपीजी सिलिंडर की किल्लत की किसी भी प्रकार की आशंका के चलते पैनिक बुकिंग बिल्कुल न करें। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने एक ब्रीफिंग में पत्रकारों को बताया कि भारत की कच्चे तेल की आपूर्ति सुरक्षित बनी हुई है। उन्होंने कहा, फीडबैक से पता चलता है कि गलत जानकारी के कारण कुछ लोग घबराकर सिलिंडर बुक करा रहे हैं और जमाखोरी कर रहे हैं। ग्राहकों को सिलिंडर बुक कराने के लिए जल् दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है।

घबराकर बुकिंग कराने की कोई जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम मंत्रालय की अधिकारी ने बताया कि दो एलएनजी कार्गो भारत की ओर चल पड़े हैं। कुछ ही दिनों में देश पहुंच जाएंगे। हमारी रिफाइनरी अधिकतम क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। कुछ रिफाइनरी 100 फीसदी से अधिक की क्षमता के साथ काम कर रहे हैं। शर्मा ने बताया कि मांग को मैनेज करने के लिए अस्थायी तौर पर दो एलपीजी बुकिंग के बीच के न्यूनतम अंतर को 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है। डिस्ट्रीब्यूटर स्तर पर गैस की हेराफेरी रोकने के लिए डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड’सिस्टम लागू किया गया है।