नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने जिला मुख्यालय के सभागार में सीएम डैशबोर्ड के कार्यो की समीक्षा की। इस दौरान डीएम ने सी-डी रैंक लाने वाले विभागों के अधिकारियो को कड़ी फटकार लगाई। इतना ही नहीं डीएम ने सी-डी रैंक लाने वाले 13 विभागों के अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं उन्हें समय से लक्ष्य पूरा करने का नोटिस जारी किया है। डीएम ने कहा कि विकास कार्यो में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हर महीने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा की जाती है, इसके बाद भी कई विभागों की रैंकिंग कम होने के कारण जिले की रैंक पर भी असर पड़ रहा है। गत जनवरी माह में सीएम डैशबोर्ड में विकास कार्यो में जिले की रैंक 61 और राजस्व से सम्बंधित रैंक 72 आई थी, जो प्रदेश में काफी पिछड़ी हुई थी। इसके बाद भी जिला स्तर पर एक दर्जन से अधिक विभागों के कामकाज में कोई खास सुधार नहीं आया है। 13 विभाग ऐसे हैं, जिन्हें सीएम डैशबोर्ड में सी-डी रैंक मिली हैं। जिसे लेकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए 13 विभागों के अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी विभागों को नोटिस जारी करते हुए हर हाल में इस माह में रैंक में सुधार लाने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि अगर इसके बाद भी रैंक में सुधार नहीं हुआ तो विभागीय कार्रवाई के लिए तैयार रहें। बैठक में एडीएम न्यायिक अंजूम, एडीएम एलए अविनाश, एडीएम सिटी विकास कश्यप, एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य आदि अधिकारी मौजूद रहे।
एसडीएम के अवकाश रद्द, लापरवाही बरतने वाले तहसीलदार, पेशगार को नोटिस जारी
गाजियाबाद (युग करवट)। सीएम डैशबोर्ड के बाद डीएम ने राजस्व विभाग से सम्बंधित कार्यो की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में खुलासा हुआ है कि एसडीएम, तहसीलदार, नायाब तहसीलदार, पेशगार से सम्बंधित कोर्ट केस के निस्तारण में शिथिलता बरती जा रही है। इसको लेकर डीएम ने सभी को कड़ी फटकार लगाते हुए पेंडेंसी समाप्त होने तक एसडीएम के अवकाश रद्द कर दिए हैं तो वहीं तहसीलदार, नायाब तहसीलदार व पेशगार को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि अगर इस माह में लम्बित मामलों का निस्तारण नहीं किया गया तो उनके वेतन रोकने की कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।