नई दिल्ली (युग करवट)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। पाकिस्तान में हुई नाकाम शांति वार्ता के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेहद सख्त और तीखा बयान जारी किया है, जिसने वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है। ट्रंप ने आरोप लगाया कि ईरान ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य खोलने का वादा किया था, लेकिन जानबूझकर उसे तोड़ा, जिससे दुनिया भर में आर्थिक अस्थिरता, डर और संकट की स्थिति पैदा हो गई है। उनके मुताबिक यह कदम अंतरराष्ट्रीय व्यापार और ऊर्जा आपूर्ति के लिए गंभीर खतरा बन चुका है और ईरान की गैर-जिम्मेदार हरकतों ने वैश्विक व्यवस्था को चुनौती दी है। अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी आरोप लगाया कि ईरान ने समुद्र में बारूदी माइंस बिछाई, जिससे समुद्री जहाजों के लिए खतरा पैदा हो गया है। कोई भी जहाज मालिक ऐसे इलाके में जाने का जोखिम नहीं लेगा। ईरान की इस हरकत से उसकी छवि को नुकसान पहुंचा है और अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन हो रहा है। उन्होंने एक बार फिर चेतावनी देते हुए ईरान से तुरंत इस अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग को खोलने की मांग की है।