ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। स्थाई रोजगार देने की उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई वायदा खिलाफी को लेकर जेवर एयरपोर्ट से प्रभावित किसान परिवारों के युवाओं ने दिल्ली में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर इस प्रकरण में मदद करने की गुहार लगाई। इस दौरान युवाओं ने बताया कि सरकार द्वारा एयरपोर्ट में जिन किसानों की जमीन अधिग्रहण हुई थी, उनके परिवार में से किसी एक सदस्य को स्थाई नौकरी अथवा 5 लाख रुपए प्रदान करने की घोषणा की थी, जिसमें से 750 परिवारों ने स्थाई रोजगार लेने की मांग स्वीकार की थी, लेकिन 7 वर्ष से अधिक बीत जाने के बाद भी उन्हें रोजगार नहीं मिला है। अखिलेश यादव ने उनकी बात संसद में उठाने तथा उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर युवाओं को जेवर एयरपोर्ट में स्थाई रोजगार प्रदान करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, वरिष्ठ नेता दीपक भाटी देवटा, विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर राजेश सिंह रोही, रोहित मत्ते गुर्जर, लोकेश चौधरी आदि उपस्थित रहे।