गाजियाबाद (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 28 मार्च को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम के लिए गाजियाबाद भाजपा ने भी कमर कस ली है। कार्यक्रम को लेकर भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने बैठक की। बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी सुभाष यदुवंश भी पहुंचे। सुभाष यदुवंश ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट केवल एक एयरपोर्ट नहीं, बल्कि नए भारत की नई पहचान है। महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि गाजियाबाद महानगर इस अवसर को जन-जन के उत्सव के रूप में मनाने जा रहा है। महानगर के सभी 20 मंडलों के अध्यक्षों, युवा मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, किसान मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के हजारों कार्यकर्ता इस रैली में संगठित रूप से भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि पीएम की रैली में गाजियाबाद से 350 से अधिक बसें, 500 से अधिक निजी वाहन और हजारों कार्यकर्ताओं का काफिला जाएगा।