नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर के जाम को दूर करने और सौंदर्यीकरण को लेकर जीडीए लगातार योजनाओं पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में जीडीए ने शहर के सात स्थानों को चिन्हित किया है जिन्हें जाममुक्त किया जाएगा। इसको लेकर कार्ययोजना तैयार कर ली गई है और सर्वे भी शुरू हो गया है। एक महीने में सर्वे रिपोर्ट तैयार कर काम शुरू होगा। बता दें कि शहर की सबसे प्रमुख समस्या जाम को लेकर है। इसको लेकर लगातार शासन-प्रशासन से लोग गुहार लगाते रहते हैं। शहर के विस्तार के साथ-साथ जाम की स्थिति भयंकर होती जा रही है। ऐसे में अब जीडीए ने जाम वाले प्रमुख स्थानों को जाम मुक्त करने का प्रयास शुरू कर दिया है। जीडीए ने इसके लिए अर्बन मेट्रो ट्रांसपोर्ट कम्पनी लिमिटेड का चयन किया गया है। संस्था द्वारा इसका सर्वे भी शुरू हो गया है। इसके तहत हापुड तिराहा, हापुड चुंगी,प्रताप विहार डीपीएस चौक, राजनगर एक्सटेंशन, अजनारा इंटीग्रिटी चौक, अशियाना चौक, मधुबन बापूधाम, बुनकर मार्ट चौक, को चिन्हित किया है। संस्था द्वारा सर्वे में इन स्थानों पर यातायात व्यवस्थाएं, मार्गो का सरंचना, सुबह शाम वाहनों का दबाव, पैदल यात्रियों की संख्या, किस रास्त से वाहनों का दबाव अधिक, किस मार्ग पर कम है, इन बिन्दुओं पर सर्वे किया जा रहा है। जीडीए वीसी नंद किशोर कलाल ने बताया कि जीडीए ने पहले चरण में जिन स्थानों को चिन्हित किया है उनका सर्वे कराया जा रहा है। पहले इन स्थानों को जाम मुक्त किया जाएगा जिसके बाद अन्य स्थानों पर काम किया जाएगा। इसमें अन्य विभागों का भी सहयोग लिया जा रहा है।