गाजियाबाद (युग करवट)। कौशांबी थाना पुलिस नौ और स्लीपर सेल सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें पांच बाल अपचारी भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक प्रकाश में आये नौशाद व समीर उर्फ शूटर निवासी बिहार अभी फरार हैं।
पुलिस ने इन अभियुक्तों के पास से भारत विरोधी गतिविधियों में प्रयुक्त किये गये नौ मोबाइल व कई सीसीटीवी कैमरों के अलावा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्राप्त हुई। एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था एवं यातायात राज करण नैय्यर ने बताया कि १४ मार्च को इनपुट से कौशांबी थाने के एसएचओ अजय कुमार शर्मा की टीम को सूचना मिली थी कि उनके थाना क्षेत्र में भारत विरोधी गतिविधियों को संचालन किया जा रहा है।
इस सूचना के मिलते ही एसएचओ की टीम ने स्लीपर सेल के लीडर सुहेल राज वाल्मीकि, शिवा वाल्मीकि, प्रवीण कुमार, रितिक गंगवार और महिला अभियुक्ता शाने इरम उर्फ महक पत्नी फैजान को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। इन अभियुक्तों से पूछताछ करने के लिये पुलिस ने इन्हें सात दिन के रिमांड पर लिया था। पूछताछ के दौरान सुहेल आदि ने अपने अन्य साथियों के नाम नौशाद अली निवासी मुजफ्फपुर बिहार, समीर उर्फ शूटर निवासी भागलपुर बिहार, गणेश निवासी हिलेछापा ओडा नंबर ५ गुलमी लूम्बनी प्रदेश नेपाल हाल सुभारती युनिवर्सिटी के पास परतापुर मेरठ, विवेक निवासी ओली टोला जिला पूर्णिया बिहार हाल कौशांबी, गगन कुमार प्रजापति निवासी शास्त्री नगर मेरठ और दुर्गेश प्रसाद निवासी मकान नंबर २४ काजीपुर पोस्ट सरायक मोहदï्दीन जामदारा शाहगंज जौनपुर हाल सोनारी रायगढ़ नवी मुंबई के अलावा पांच बाल अपचारी के नाम भी बताये। श्री नैय्यर ने बताया कि अभियुक्तों के नाम का पता चलते ही एसआईटी टीम ने देरी ना करते हुए गगन, दुर्गेश, गणेश व विवेक के अलावा पांच बाल अपचारियों को गिरफ्तार कर लिया।
श्री नैय्यर ने बताया कि इस संगठन के मेन हैंडलर नौशाद, समीर उर्फ शूटर व सुहेल हैं। बाकि सदस्य इनके लिये जहां रक्षा सिस्टम से जुड़ी गोपनीय जानकारियां प्राप्त करते हैं वहीं वो रक्षा प्रतिष्ठानों छावनियों, रेलवे स्टेशनों व महत्वपूर्ण स्थानों पर कैमरे व पाकिस्तानी चिप लगाने का काम करते हैं।