अंधेरों से निकलूंगा तो ऐतराज रोशनी को भी होगा
गाजियाबाद (युग करवट)। राजनीति में ५० साल प्रथम पंक्ति में रहने वाले पूर्व सांसद केसी त्यागी अब नई पारी की शुरूआत करेंगे। वो किस दल में जाएंगे उनकी राजनीति का स्वरूप क्या होगा अभी वो आपस में विचार-विमर्श कर रहे हैं, मंथन हो रहा है। युग करवट से बातचीत में पूर्व सांसद केसी त्यागी ने कहा कि बहुत जल्द वो मित्रों के साथ विचार-विमर्श करके अपने अगले कदम की घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि अभी सबकुछ प्रोसेस में है। पूर्व सांसद से जब ये मालूम किया कि वो किस दल में जाएंगे तो उन्होंने कहा कि उनसे बहुत से दलों ने सम्पर्क किया है लेकिन वो अगला कदम अपने दोस्तों, शुभचिंतकों से विचार के बाद ही उठाएंगे।
आपको बता दें कि केसी त्यागी जनता दल यू में पहले प्रधान महासचिव और बाद में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राजनीतिक सलाहकार बनाये गये थे। इस बीच केसी त्यागी ने कई ऐसे वक्तव्य दिये जो एनडीए को पसंद नहीं आये तो उन्हें पार्टी से अलग कर दिया गया। दरअसल केसी त्यागी हमेशा बेबाक बोलते हैं और उनकी लेखनी भी बेबाक ही रहती है। वर्तमान राजनीति की जो तस्वीर है उसमें बेबाकी अब गुजरे जमाने की बात हो गई। अभी हाल ही में उन्होंने एक पुस्तक भी लिखी। जिसका विमोचन केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी व अन्य लोगों ने किया। इस अवसर पर जयंत चौधरी ने भी अपने संबोधन में केसी त्यागी जी की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि बहुत सी चीजें बोली जा सकती है लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी होती हे जो हालातों के हिसाब से नहीं बोली जा सकती। उन्होंने केसी त्यागी जी कहा था कि इसका ख्याल रखना भी जरूरी होता है। बहरहाल, केसी त्यागी एक ऐसे राजनेता है जिनकी हर दल को जरूरत है। केसी त्यागी जी से जब युग करवट ने ये मालूम किया कि अगला कदम क्या होगा तो उन्होंने कुछ पंक्तियां सुनाकर कहा कि मैं अंधेरों से निकलूंगा तो ऐतराज रोशनी को भी होगा…। इन पंक्तियों में बहुत कुछ संदेश था। बहरहाल, जयंत चौधरी ने जिस तरह अपने भाषण में कहा था कि वो केसी त्यागी जी को मनाने भी आये हैं तो लोगों ने कयास लगाना शुरू कर दिया था कि केसी त्यागी शायद रालोद में भी जा सकते हैं लेकिन अभी ऐसा कोई संकेत केसी त्यागी की ओर से नहीं दिया है। वहीं केसी त्यागी के चाहने वालों का कहना है कि वो जल्द अपने अगले कदम की घोषणा करें क्योंकि राजनीति में ज्यादा दिन शांत बैठना भी ठीक नहीं होता है।