नई दिल्ली (युग करवट)। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर बनी सहमति के बाद आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनडीए संसदीय दल की बैठक में पहुंचे। संसद परिसर में एनडीए सांसदों की बैठक हुई। जहां पीएम मोदी ने सभी सांसदों से सदन में मौजूद रहने और चर्चा में हिस्सा लेने के लिए कहा। पार्लियामेंट एनेक्सी बिल्डिंग में आयोजित हुई एनडीए सांसदों की बैठक की पीएम मोदी ने अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बैठक में एनडीए नेताओं से कहा कि गठबंधन अपनी जन-हितैषी नीतियों और कड़ी मेहनत से अलग-अलग चुनाव जीत रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने एनडीए सांसदों से यह भी कहा कि उन्हें स्थानीय निकायों सहित अलग-अलग चुनावों में अपनी जीत से संतुष्ट नहीं होना चाहिए, बल्कि अच्छा काम जारी रखना चाहिए।
बैठक में पीएम मोदी को एनडीए नेताओं ने 39 देशों के साथ व्यापार समझौते सफलतापूर्वक पूरे करने के लिए सम्मानित किया। सांसदों में इस बात को लेकर उत्साह है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ये व्यापार समझौते संपन्न हुए हैं। कुल 39 देशों के साथ व्यापार समझौते हुए हैं। यह ऐतिहासिक है। ये सभी 39 देश विकसित देश हैं। देश में बहुत ही सकारात्मक माहौल है। प्रधानमंत्री ने लोकसभा और राज्यसभा के सांसदों को अपने संसदीय और कल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनडीए अपने अच्छे कामों की बदौलत लगातार चुनाव जीत रहा है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर काम किए बिना चुनाव नहीं जीता जा सकता।

हमें जमीनी स्तर पर उतरकर जनता के कल्याण के लिए अच्छा काम करना होगा। बैठक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन का स्वागत किया गया। बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, अपना दल की नेता और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल, एनसीपी नेता प्रफुल पटेल, शिवसेना नेता श्रीकांत शिंदे, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के नेता उपेंद्र कुशवाहा सहित अन्य लोग शामिल थे।