नोएडा (युगकरवट)। नोएडा के सेक्टर 30 स्थित बाल चिकित्सालय एवं स्नातकोत्तर संस्थान में नेफ्रोलॉजी विभाग को विशेषज्ञ डॉक्टर मिल गया है। अब विभाग में किडनी से संबंधित गंभीर मरीजों का इलाज मिलेगा। बाल चिकित्सालय में एक प्रोफेसर स्तर के नेफ्रोलॉजिस्ट ने 28 मार्च को ज्वाइन कर लिया है। वहीं एक अन्य नेफ्रोलॉजिस्ट ने एक महीना पहले ज्वाइन किया था। इस विभाग में अब डॉक्टरों की संख्या दो हो गई है। नए डॉक्टर के ज्वाइन करने से पहले एक डॉक्टर होने के कारण गंभीर मरीजों का इलाज संभव नहीं हो पा रहा था। अस्पताल में पहले से ही डायलिसिस की सुविधा है, जिसका उपयोग किया जा रहा है। यूरोलॉजी विभाग के डॉक्टर भी ऐसे मरीजों के इलाज से जुड़े रहे हैं। पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों के अभाव में बाल चिकित्सालय के किडनी विभाग ज्यादातर बंद ही रहा है। पहले भी एक बार यह विभाग शुरू हुआ था, लेकिन बाद में डॉक्टर के अभाव में बंद हो गया था। बाल चिकित्सा एवं स्नातकोत्तर संस्थान के निदेशक डॉ. एके सिंह ने बताया कि अस्पताल को नेफ्रोलॉजिस्ट मिल गया है।