नोएडा (युग करवट)। बारात चढ़त के दौरान दूल्हे के ऊपर न्योछावर हुए पैसे को लूटने को लेकर हुए विवाद में सात युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।
गंभीर रूप से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। झुंडपुरा गांव में एक बारात आई थी। बारात चढ़त के दौरान बाराती दूल्हे और बैंड बाजा वालों पर पैसों की न्योछावर कर रहे थे। पैसे लूटने के लिए कुछ बच्चे वहां पर आए थे। न्योछावर के पैसे लूटने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ तथा रौनक, राज, आशीष, रिजवान आदि ने श्याम पुत्र संतोष उम्र 18 वर्ष के साथ मारपीट की तथा उसे चाकू मार दिया। गंभीर हालत में उसे उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में ले लिया है। एसीपी ने बताया कि उक्त घटना में शामिल दो आरोपी बाल अपचारी हैं।