गाजियाबाद (युग करवट)। राकेश मार्ग स्थित गुलमोहर एंक्लेव सोसाइटी में श्री शिव बालाजी धाम मंदिर के पास एक महिला को कुत्ते द्वारा काटे जाने की घटना के बाद आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है। पत्र में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी ने बताया कि 13 मार्च को सुबह करीब 11 बजे एक कुत्ते ने एक महिला को काट लिया था। सोसाइटी परिसर में अन्य कई कुत्ते घूमते रहते हैं, जो अक्सर निवासियों को काटते रहते हैं और विशेष रूप से बच्चों, महिलाओं व बुजुर्गों के लिए खतरा बने हुए हैं। सोसाइटी निवासी दिनेश सिंह ने कहा कि आरडब्ल्यूए अध्यक्ष बिजेंद्र गिरी ने नगर निगम को पत्र लिखकर सोसाइटी की समस्या को उठाया है। इसके लिए सभी निवासी उनका धन्यवाद करते हैं और उम्मीद करते हैं कि जल्द ही इस समस्या का समाधान होगा।