गाजियाबाद (युग करवट)। कविनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुरम के आई ब्लॉक के भवन संख्या ७०० में रहने वाले गौरव गोयल के मकान पर हुए विवाद के दौरान फायरिंग भी हुई। इस वारदात में गौरव व हर्ष गर्ग पक्ष के कई लोग चोटिल हो गये। हर्ष गर्ग के साथ आये रिंकू नामक युवक के हाथ में गोली लगने पर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इस वारदात की सूचना मिलने के बाद एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य व एसएचओ अनुराग शर्मा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गये। जांच के दौरान पुलिस का पता चला कि एच-ब्लॉक शास्त्रीनगर निवासी हर्ष गर्ग ने गौरव गोयल से ८ लाख रुपये की एवज में उसके पास १०२ ग्राम सेाने के जेवरात गिरवी रखे थे। हर्ष गर्ग पिछले काफी समय से अपने जेवरात वापस मांग रहा था। बीती रात भी हर्ष गर्ग अपने साथी रिंकू, जुबेर व नितिन आदि के साथ गौरव गोयल के पास आया था। जिस समय हर्ष गर्ग अपने साथियों के साथ गौरव गोयल के पास पहुंचा वहां पर उसके अलावा उसका भाई नितिन गोयल के अलावा कई और लोग मौजूद थे। रात लगभग साढ़े दस बजे के आस-पास गिरवी रखे आभूषणों की वापसी को लेकर विवाद हो गया। विवाद ने मारपीट का रूप धारण कर लिया। उसके बाद मौके पर फायरिंग होने लगी। पुलिस के मुताबिक इस फायरिंग के दौरान जहां हर्ष गर्ग के साथ के हाथ में गोली लगी वहीं उसकी कार पर भी गोलियां लगी। गौरव गोयल ने कविनगर थाना पुलिस को तहरीर देते हुए हर्ष गर्ग व उसके साथियों पर मारपीट करने व गोली चलाने की बात बताई है। इस संदर्भ में एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि पुलिस इस मामले की गुत्थी सुलझाने व दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने के क्रम में हर एंगिल पर जांच कर रही है।