गाजियाबाद (युग करवट)। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों तथा एसबीएम टीम से बैठक की। गाजियाबाद को उत्तर प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर भी नंबर वन बनाने के लिए टीम को मोटिवेट किया। गाजियाबाद को स्वच्छ सर्वेक्षण में गार्बेज फ्री सिटी में 7 स्टार बनाने, वाटर प्लस में फिर से शामिल होने के लिए योजना बनाई गई। इस अवसर पर अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर मिथिलेश, जोनल सफाई अधिकारी व समस्त जोन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि स्वच्छ सर्वेक्षण की शुरुआत हो चुकी है। स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भी शहर वासियों को कचरा अलग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। 600 से अधिक वाहन इंदिरापुरम के साथ-साथ सभी जोन में गीला तथा सूखा कूड़ा कलेक्शन का कार्य कर रहे हैं। साथ ही मॉनिटरिंग को भी व्हीकल ट्रैकिंग मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से बढ़ाया गया है, वार्डों के अंदर सफाई अभियान चलाए जा रहे हैं जिसमें विशेष रूप से नालियों की सफाई पर ध्यान दिया जा रहा है।