घरेलू गैस सिलेंडरों की ऑनलाइन बुकिंग सेवा भी हो रही बाधित
ब्लैक में मिल रहा है दो हजार रुपए तक का सिलेंडर
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। मंगलवार को शहर के अधिकतर पेट्रोल पम्पों पर दोपहर 12 बजे तक पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं था। कई पम्प संचालकों ने बेरिकेट्स लगा दिए जिसकी वजह से लोगों की भीड़ बढऩे लगी। हालांकि इसके बाद जैसे ही सरकार की ओर से आपूर्ति को लेकर एस्मा लागू किया, उसके तुरंत बाद पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल मिलना शुरू हो गया। यानि दोपहर शहर में पेट्रोल पम्पों की स्थिति सामान्य हो गई। जहां पेट्रोल खत्म होने की बात कहीं जा रही थी, वहां पेट्रोल की गाडिय़ां दोपहर बाद दिखाई दीं। जिससे लोगों ने भी राहत की सांस ली। बता दें कि जैसे-जैसे खाड़ी देशों में युद्घ बढ़ता जा रहा है वैसे ही पेट्रोल-डीजल व गैस की सप्लाई पर असर पड़ता दिख रहा है। मंगलवार को शहर के अधिकतर पम्पों पर सुबह के समय पेट्रोल नहीं दिया जा रहा था, वाहन चालकों को यह कहकर वापस किया जा रहा था, कि सप्लाई नहीं है। ऐसे में पेट्रोल नहीं है। इसको लेकर आम जन में अफरा-तफरी का माहौल दिखना शुरू हो गया। लोग एक से दूसरे पम्प पर पेट्रोल लेने के लिए चक्कर लगाने लगे। सोमवार शाम को भी पम्पों पर अफरा-तफरी रही। पम्प संचालकों का कहना है बड़ी संख्या में लोग अपने वाहन लेकर पेट्रोल-डीजल लेने पहुंचने लगे इसकी वजह से पेट्रोल समाप्त हो गया था। गाजियाबाद पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर का कहना है कि सप्लाई में कहीं कोई कमी नहीं है। एकदम से लोग पैनिक होने लगे इसकी वजह से पेट्रोल खत्म हो गया था, लेकिन अधिकतर पम्प सेन्टरों पर मंगलवार तक पेट्रोल की गाडिय़ां पहुंचना शुरू हो गई थी। उन्होंने लोगों से भी बेवजह पैनिक होने की अपील की है। हालांकि सूत्रों का कहना है कि लोग इस माहौल में कालाबाजारी के चक्कर में लग गए हैं। पेट्रोल-डीजल का स्टॉक किया जा रहा है जिससे आपात स्थिति में इसे महंगे दामों पर बेचा जा सके। हालांकि जिला प्रशासन द्वारा इसको लेकर निगरानी की जा रही है।
ऑनलाइन गैस बुकिंग में भी आ रही दिक्कत
सरकार ने घरेलू गैस का संकट टालने के लिए घरेलू एलपीजी गैस, स्वास्थ्य, स्कूल व आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति बहाल रखने को प्राथमिकता दी है। कर्मिशियल गैस सप्लाई पर रोक लगा दी गई है। हालांकि घरेलू गैस बुकिंग में अभी से लोगो को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहले जो गैस बुकिंग तत्काल हो जाती थी, वहीं गैस बुकिंग कॉल सेन्टर या तो बिजी हो गए हैं या उनके नम्बर ही नहीं मिल रहे हैं। जबकि ऑनलाइन बुकिंग पर ही घरेलू गैस सिलेण्डर दिए जाएंगे वह भी बुकिंग के करीब 20 से 25 दिन बाद ही सप्लाई घरेलू उपभोक्ता को दी जाएगी। ऐसे में लोग धड़ाधड़ बुकिंग करा रहे हैं, लेकिन अधिकतर कॉल सेन्टर से नो रिप्लाई आने से लोगों परेशान हो रहे हैं। वहीं सूत्रों की मानें तो कर्मिशयल गैस सप्लाई बंद होने से घरेलू गैस सिलेण्डर दो हजार रुपए तक ब्लैक में बेचा जा रहा है।