पुलिस आयुक्त ने किया पुरानी पुलिस लाइन में स्थित
इस परिसर में बनाये गये मंदिर व शिव की मूर्ति की भी प्राण प्रतिष्ठा
गाजियाबाद (युग करवट)। पुरानी पुलिस लाइन में स्थित उच्च तकनीक एवं फाइव स्टार संस्कृति से युक्त सुविधाओं से संपन्न क्राइम ब्रांच, एडीसीपी क्राइम, एसीपी क्राइम व एसीपी एलआईयू के कार्यालयों अलावा कैफेटेरिया, आरओ प्लांट व उद्यान के अलावा आगुंतक कक्ष के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण पुलिस आयुक्त जे रविंदर गौड के द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री गौड ने अधिकारियों व गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति क्राइम ब्रांच के कार्यालय परिसर में स्थित पंचमुखी हनुमान के मंदिर और उद्यान में स्थापित की गई। शिव की सजीव प्रतिमा को पूरे धार्मिक अनुष्ठान एवं विधि विधान के साथ विराजित करके उनकी प्राण प्रतिष्ठा भी की। इस अवसर पर अधिकारियों, अतिथियों, व पुलिसकर्मियों के साथ सहभोज भी सीपी व अन्य अधिकारियों के द्वारा किया गया। इस अवसर पर श्री गौड ने कहा कि जब पुलिस के पास उच्च तकनीक युक्त संसाधन एवं उच्चतम स्तर की सुविधाऐं होंगी तो पुलिस अपना सर्वोत्तम स्तर के कार्य का उत्तम प्रदर्शन कर सकेंगी। इस पहलू के महत्व को देखते हुए ही उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट गाजियाबाद के लुक को बदलने और इसके भवनों को जीर्णोद्घार करने की मुहिम शुरू की थी। श्री गौड ने बताया कि सन १९७६ में स्थापित हुई पुरानी पुलिस लाइन और इसमें स्थित सभी कार्यालयों को पूरी तरह से मॉडल एवं उच्चस्तरीय सुविधाओं से संपन्न कर दिया गया है। इस परिसर में जहां पुलिसकर्मियों की सुविधा का ध्यान रखा गया है वहीं यहां आने वाले आगुंतकों की सेवा के लिये भी अत्याधुनिक अतिथि कक्ष को मॉडल स्वरूप प्रदान किया गया है। इस परिसर में हाईजनिक वातावरण के लिये हरियाली पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इस अवसर पर एडिशनल सीपी मुख्यालय एवं अपराध केशव चौधरी, एडिशनल सीपी कानून व्यवस्था एवं यातायात राजकरन नैय्यर, डीसीपी मुख्यालय/सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी रूल सुरेंद्रनाथ तिवारी, डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन, एडीसीपी क्राइम पियूष कुमार सिंह, एसीपी क्राइम अमित श्रीवास्तव व एसीपी एलआईयू प्रदीप सिंह के अलावा इन विंग्स के अधिकारी व कर्मचारीगण मौजूद रहे।