पूर्व मंत्री अशोक यादव भी हुए शामिल
दिल्ली के मावलंकर हाल में जुटे हजारों लोग
पश्चिम में बदलेंगे राजनीतिक समीकरण
नई दिल्ली (युग करवट)। जेडीयू के वरिष्ठ नेता रहे केसी त्यागी और उनके बेटे अमरीश त्यागी एवं पूर्व मंत्री अशोक यादव ने राष्ट्रीय लोक दल का दामन थाम लिया है। रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने दोनों को औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल कराया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रमुख राजेन्द्र त्यागी ने की। मंच पर सांसद राजकुमार सांगवान, सांसद चेतन चौहान, विधायक गुलाम मोहम्मद, पूर्व मंत्री अशोक यादव, पूर्व सांसद मलूक नागर, रालोद महासचिव त्रिलोक त्यागी, अमरीश त्यागी आदि थे। केसी त्यागी लंबे समय से देश की केन्द्रीय राजनीति में सक्रिय रहे हैं। ऐसे में उनके अनुभव का फायदा पार्टी को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं अमरीश त्यागी के आने से युवाओं के बीच भी रालोद की पकड़ मजबूत हो जाएगी। राजनीतिक विश्लेषक मान रहे हैं केसी त्यागी के रालोद में आने से पश्चिम उत्तर प्रदेश की कई सीटों पर समीकरण बदल सकते हैं। अपने लंबे राजनीतिक अनुभव और आपातकाल के समय जॉर्ज फर्नांडिस, लालू प्रसाद यादव, नीतीश कुमार और रामविलास पासवान जैसे दिग्गजों के साथ काम करने के अनुभव के साथ केसी त्यागी ने पिछले 26 वर्षों में केंद्रीय राजनीति में अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। रालोद जो पारंपरिक रूप से पश्चिमी उत्तर प्रदेश का क्षेत्रीय दल रहा है। रालोद को चुनाव जीतने के लिए अकसर अन्य दलों के सहारे की आवश्यकता पड़ती है। चौधरी चरण सिंह के बाद उनके पुत्र चौधरी अजित सिंह और अब पौत्र जयंत चौधरी जाट समुदाय के बीच वह मजबूत पकड़ बनाए रखने का काम कर रहे हैं। केसी त्यागी के रालोद में शामिल होने से पार्टी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में निश्चित रूप से लाभ मिलने की उम्मीद है। वर्तमान में रालोद भाजपा के गठबंधन में शामिल है और जयंत चौधरी मोदी सरकार में मंत्री भी हैं। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में रालोद और भाजपा के मिलकर चुनाव लडऩे की पूरी संभावना है ऐसे में केसी त्यागी की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
गाजियाबाद, गौतमबुद्घनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, बड़ौत, सहारनपुर, बुलंदशहर, हापुड़ और अमरोहा जैसे जनपदों में भाजपा के साथ गठबंधन में रालोद का दावा कई वर्तमान विधायकों और भावी प्रत्याशियों का समीकरण बिगाड़ सकता है।
यह माना जा रहा है कि केसी त्यागी इन सीटों पर अपने करीबी लोगों को टिकट दिलाने के लिए जोर लगा सकते हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मी और बढ़ जाएगी। कार्यक्रम में मंत्री अनिल कुमार, अशोक यादव, महासचिव त्रिलोक त्यागी, पूर्व सांसद मुंशीराम पाल, पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा, विधायक गुलाम मोहम्मद, मलूक नागर, अमरजीत सिंह बिड्डी,सुरेंद्र त्यागी, अजय कुमार, राष्ट्रीय सचिव सुखवीर सिंह गठीना, बागपत जिलाध्यक्ष सुभाष गुर्जर, लोनी के पूर्व चेयरमेन मनोज धामा, वीवीआईपी के प्रवीण त्यागी, रविन्द्र त्यागी, रालोद के सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अंकुर त्यागी, आदि मौजूद रहे।
केसी त्यागी जैसे नेता कम हैं
गाजियाबाद (युग करवट)। केसी त्यागी का गाजियाबाद के मोरटा में जन्म 10 दिसंबर 1950 को साधारण किसान परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम जगराम सिंह त्यागी और माता का नाम रोहताश त्यागी था। उन्होंने मेरठ विश्वविद्यालय से विज्ञान में स्नातक की उपाधि प्राप्त की। वह देश के कुछ चुनिंदाभारतीय राजनीतिज्ञों में से हैं, जिन्होंने लोक सभा और राज्य सभा दोनों में संसद सदस्य के रूप में सेवा दी है। वह जनता दल यूनाइटेड के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता और मुख्य महासचिव रह चुके हैं। उन्होंने राज्यसभा की उद्योग पर स्थायी समिति के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। उन्होंने 1989 में हापुड़ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से जनता दल के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीता और बाद में 2013 में बिहार से राज्यसभा के सदस्य बने। वह केंद्रीय भंडारण निगम और पटल पर रखे कागजों की समिति के अध्यक्ष भी रहे।
चौधरी साहब ही हमारे आदर्श हैं: जयंत चौधरी
रालोद अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि एक ही इच्छा केसी त्यागी ने प्रकट की है कि हमें चौधरी चरण सिंह जैसा बनना है। हम चौ. चरण सिंह नहीं बन सकते हैं, वह हमारे आदर्श हैं। हमारे दल में नई ऊर्जा और नई ताकत देने वाले केसी त्यागी, अशोक यादव और सुरेंद्र त्यागी आदि बहुत सारे और लोग शामिल हुए हैं। मैं उनको दल के प्रत्येक शहर के कार्यकर्ताओं की तरफ से स्वागत करना चाहता हूं।
एमपी-एमएलए बनने नहीं आया: केसी त्यागी
मवलंकर हाल में हुए कार्यक्रम में केसी त्यागी ने कहा कि वह देश के दोनों उच्च सदनों के सदस्य रह चुके हैं। अब हमारा लक्ष्य राष्टï्रीय लोकदल को इतना मजबूत बनाना है कि उत्तर प्रदेश में एनडीए सरकार फिर से बने। उन्होंने कहा कि अब एमपी-एमएलए बनने के लिए नहीं, बल्कि जयंत चौधरी को चौधरी चरण सिंह की तरह देखने रालोद में आया हूं। चौधरी चरण सिंह ने बहुत कम उम्र में मुझे हापुड़ से चुनाव लडऩे के लिए टिकट दिया था। उन्होंने मुझे पैसा भी दिया था और उम्मीद करता हूं कि वह दिन आए जब जयंत चौधरी के हाथ से पीएम फिर बनें।
घर वापसी पर स्वागत है: त्रिलोक त्यागी
रालोद के राष्टï्रीय महामंत्री त्रिलोक त्यागी ने केसी त्यागी के पार्टी में आने का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज देश के 14 राज्यों में रालोद का संगठन खड़ा है। यह विश्वास मानइए कि केसी त्यागी के आ जाने से संगठन और अधिक मजबूत हो जाएगा। उन्होंने इसे केसीत्यागी की घर वापसी बताया।
इंद्रजीत टीटू ने किया स्वगत
गाजियाबाद (युग करवट)। राष्टï्रीय लोकदल के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्टï्रीय उपाध्यक्ष सरदार इंद्रजीत सिंह टीटू ने पूर्व सांसद केसी त्यागी के रालोद में आने का स्वागत किया है। श्री टीटू ने कहा कि केसी त्यागी का अनुभव, समर्पण और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता निश्चित रूप से पार्टी को नई दिशा और मजबूती प्रदान करेगी। उनके आगमन से संगठन को अनुभवी नेतृत्व का लाभ मिलेगा और कार्यकर्ताओं में नया उत्साह एवं ऊर्जा का संचार होगा। हम सब मिलकर जनहित, किसान-समाज और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेंगे। इसमें केसी त्यागी का साथ पार्टी के संकल्प को और सशक्त करेगा।